समकालीन जनमत (पत्रिका) के लिए संपर्क करें-समकालीन जनमत,171, कर्नलगंज (स्वराज भवन के सामने), इलाहाबाद-211002, मो. नं.-09451845553 ईमेल का पता: janmatmonthly@gmail.com

Showing posts with label साहित्‍य. Show all posts
Showing posts with label साहित्‍य. Show all posts

Monday, February 1, 2010

नयी शताब्दी कथेतर गद्य की: प्रो. रामबक्ष


उदयपुर। कल्पनाशीलता का पुराना युग समाप्त हो गया है और अब इसकी आंशिक संभावना गद्य में ही दिखाई दे रही है। तथ्य के प्रति बढ़ रहा आकर्षण बताता है कि पाठक अब ठीक-ठीक जानना चाहता है। यही कारण है कि नयी शताब्दी में कथेतर गद्य विद्याओं को पारम्परिक विधाओं की तुलना में अधिक पसंद किया जा रही है। सुप्रसिद्ध आलोचक एवं जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के आचार्य डॉ. रामबक्ष ने उक्त विचार जन संस्कृति मंच द्वारा नंद चतुर्वेदी की संस्मरण पुस्तक ‘ अतीत राग‘ पर आयोजित एक गोष्ठी में व्यक्त किए। प्रो. रामबक्ष ने कहा कि नये विश्व को स्वप्न अभी हमारे सामने नहीं है और वास्तविकता को जानने की आकांक्षा इसका स्थान ले रही है। उन्होंने ’अतीत राग’ को कई कोणों से महŸवपूर्ण पुस्तक बताते हुए रहा कि कवियों का गद्य विद्वत समाज में आकर्षण का बिन्दु रहा है।
गोष्ठी के समालोचक डॉ. माधव हाड़ा ने कहा कि इस पुस्तक में नंद बाबू ने स्मृति का रचनात्मक उपयोग किया है। व्यतीत समय और समाज के विभिन्न सरोकारों, द्वन्द्वों और संशयों को एक साथ यहाँ देखना प्रीतिकर है। डॉ. हाड़ा ने कहा कि नंद बाबू स्मृति लिखते हुए भी अमूर्तन से बचते हैं और दूसरों के बहाने अपना जीवन संघर्ष भी पाठकों के समक्ष रखते हैं। युवा समीक्षक डॉ. पल्लव ने पुस्तक पर पत्र वाचन में कहा कि विधाई अंतक्र्रिया का अनुपम मेल पुस्तक में मिलता है। उन्होंने संस्मरणों की भाषा की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह कोई वायवीय संसार नहीं अपितु, लड़ते-संघर्ष करते मामूली लोगों के जीवन की दुनिया है। राजस्थान विद्यापीठ में हिन्दी सह आचार्य डॉ. मलय पानेरी ने पुस्तक में आए स्वतन्त्रता सेनानियों के संस्मरणों को इतिहास की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि नंद बाबू ने विस्मृत होते जा रहे देश नायकों को चित्रित किया है। शोध छात्र गजेन्द्र मीणा ने गाँधी हत्या पर लिखे वृतांत को नयी पीढ़ी के लिए प्रेरक बताया।
अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ साहित्यकार प्रो. नवल किशोर ने कहा कि सृजनात्मक गद्य का आस्वाद देती इस पुस्तक में नंद बाबू ने बड़े लेखकों-नेताओं के साथ स्थानीय लेखकों-कार्यकताओं को स्थान देकर प्रशंसनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि हमारे समाज से अब जिस सामुदायिकता का तेजी से लोप होता जा रहा है उसका समृद्ध चित्र इन संस्मरणों में मिलता है। कवि नंद चतुर्वेदी ने पुस्तक को लिखे जाने का वृतांत बताते हुए कहा कि आकस्मिक प्रसंगों में लिखे गये ये स्मृति आलेख उन लोगों का स्मरण है जिनका स्नेह उन्हें मिला है। उन्होंने कहा कि इन मूल्यवान जिंदगियों से हमारे बहुत से संशयों की निरर्थकता का उच्छेदन करने में मदद मिलती है।
गोष्ठी का संयोजन कर रहे जसम के राज्य सचिव हिमाशुं पण्ड्या ने कहा कि पुस्तकों पर चर्चा के साथ जरूरी विषयों पर बहस के आयोजन जसम द्वारा निरंतर किये जायेंगे। गोष्ठी में डॉ. मंजु चतुर्वेदी, डॉ. हुसैनी बोहरा, सहित अन्य वक्ताओं ने भी भागीदारी की। अंत में गणेशलाल मीणा ने सभी का आभार माना।
-हिमांशु पण्ड्या
----------------------------------------------------------
जसम 403 बी-3 वैशाली अर्पाटमेंट हिरणमगरी सेक्टर-4, उदयपुर 313002 फोन-02942467627

दिल्ली पुस्तक मेला में जसम का अभियान


जन संस्कृति मंच ने अपने घोषित कार्यक्रम के तहत आज से विश्व पुस्तक मेले में साहित्यकारों और पाठकों के बीच साहित्य के कारपोरेटाइजेशन के खिलाफ अभियान के शुरुआत की। आज पुस्तक मेले के गेट न. 12 पर कवि आलोचक विष्णु खरे, कवि शोभा सिंह, कथाकार योगेन्द्र आहूजा, कवि रंजीत वर्मा, कवि कुमार मुकुल, उद्भावना के संपादक अजेय कुमार, कवि अच्युतानन्द मिश्र, जनमत पत्रिका के संपादक सुधीर सुमन, कवि मुकुल सरल, जसम दिल्ली की सचिव भाषा सिंह, कवि सुनील चौधरी, खालिद, उपेन्द्र, सुलेखा, रूबल, सखी, सहर आदि ने साहित्य अकादमी और सैमसंग के गठजोड़ के मामले में भारत सरकार और संस्कृति मन्त्रालय की भूमिका पर सवाल उठाने वाली तिख्तयां उठा रखी थीं। इसी दौरान आलोचक विश्वनाथ त्रिपाठी ने भी इस अभियान के समर्थन में वहां कुछ देर खड़े हुए। वहां गुजरने वाले साहित्यप्रेमियों और साहित्यकारों को पर्चे भी दिए जा रहे थे, जिनमें राष्ट्रीय साहित्य अकादमी की स्वायत्तता बरकरार रखने, टैगोर सरीखे साहित्यकारों की विरासत की रक्षा करने, अकादमी को कारपोरेट के प्रचार एजेंसी न बनने देने की अपील की गई थी। टैगौर के उद्धरणों वाले पर्चे जिनमें स्वाधीनता के मूल्यों का जिक्र है, भी लोगों को दिए गए।
जसम द्वारा यह अभियान पुस्तक मेले में रोजाना 2 बजे से 4 बजे के बीच जारी रहेगा। जो लोग साहित्य अकादमी की स्वायत्तता और उसके लोकतान्त्रिकरण के पक्ष में हैं उन पाठकों और साहित्यकारों के बीच कल से हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जाएगा।
भाषा सिंह
सचिव, जनसंस्कृति मंच
दिल्ली

Sunday, January 24, 2010

सैमसुंग प्रायोजित साहित्य अकादमी पुरस्कार का बहिस्कार करें


जन संस्कृति मंच ने बहुराष्ट्रीय उपभोक्ता उत्पाद कंपनी सैमसंग के साथ मिलकर साहित्य अकादमी द्वारा दिए जा रहे टैगोर साहित्य पुरस्कारों की कड़ी भर्त्सना की है और लेखकों-साहित्यकारों से उनके बहिष्कार का आह्वान किया है।
साहित्य अकादमी द्वारा ये पुरस्कार सोमवार, 25 जनवरी को दिल्ली के एक पांच सितारा होटल में होने वाले भव्य समारोह में दिए जाने वाले हैं। जसम इसके विरोध में सोमवार को आयोजन स्थल ओबरॉय होटल के बाहर एक मानव श्रंखला बना रहा है। संगठन ने साहित्यकारों, कलाकारों व संस्कृतिकमिoयों से उसमें जुड़ने की अपील की है।
अपने बयान में जन संस्कृति मंच ने साहित्य पुरस्कारों के लिए सैमसंग के आयोजन को सांस्कृतिक स्वायत्तता के लिए खतरा बताया है। अफसोस की बात यह है कि इस खतरनाक साजिश को सम्मानजनक मुखौटा देने के लिए पुरस्कारों को टैगोर के
नाम पर दिया जा रहा है। जसम का मानना है कि इस तरह का गठजोड़ खुद अकादमी के संविधान का उल्लंघन है, लिहाजा इसे तुरन्त खत्म किया जाना चाहिए। ऐसा न हुआ तो इससे साहित्य व संस्कृति के क्षेत्र में व्यापक पैमाने पर विदेशी दखल के रास्ते खुल जाएंगे। जन संस्कृति मंच ने 13 दिसम्बर को अपने दिल्ली राज्य सम्मेलन में भी इस गठजोड़ के खिलाफ एक प्रस्ताव पारित किया था।
जसम ने इस मसले पर सभी साहित्यकारों, कलाकारों व संस्कृतिकमिoयों को एक मंच पर आकर मुखर विरोध जताने की
अपील की है।
भाषा सिंह
सचिव
जन संस्कृति मंच
दिल्ली

Wednesday, May 14, 2008

जसम की ओर से साहित्यकार अमरकांत जी को सहयोग


जन संस्कृति मंच के प्रदेश अध्यक्ष डॉ0 राजेन्द्र कुमार और महासचिव प्रणय कृष्ण के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल अमरकांत जी से मिला और उन्हें 50,000 का चेक प्रदान किया। प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ मानवाधिकार कार्यकर्ता चितरंजन सिंह, हिंदी विभाग (इ0वि0वि0) में प्राध्यापक सूर्यनारायण, भौतिकी विभाग (इ0वि0वि0) के प्राध्यापक विवेक तिवारी समेत अन्य लोग भी शामिल थे।
इस मौके पर अमरकांत जी ने कहा कि जसम जैसे संगठन यह जिम्मेदारी निभा रहे हैं यह बेहद खुशी की बात है। लेखकों को संगठनबद्ध होकर अपने अधिकारों के लिए आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि हिंदी का पाठक समुदाय अभी अपने लेखकों के लिए सद्भावनापूर्ण व्यवहार रखता है।
जसम के प्रदेश अध्यक्ष डॉ0 राजेन्द्र कुमार ने कहा कि साहित्य और संस्कृति के क्षेत्र में कार्यरत निष्ठावानों और उनके शुभैषियों को अपने संगठित प्रयासों पर ही भरोसा करना होगा। जसम ने इसी उद्देश्य से अपनी `सांस्कृतिक संकुल´ योजना के तहत अपने सदस्यों-साथियों के आपसी सहयोग से स्थायी कोष बनाया है। साहित्यकारों-संस्कृतिकर्मियों को संकट में यथेष्ट राशि देने की इसी योजना के तहत अमरकांत जी को यह राशि दी गयी है। जसम ऐसे संस्कृतिकर्मियों को भविष्य में भी इस कोष से सहायता देगा जिससे वे अपनी जनता की आशाओं-आकांक्षाओं और असंतोषों को अपनी रचना के माध्यम से चििन्हत करने व उनके संघर्षों को बल देने के अपने कार्य में आर्थिक बाधा न महसूस करें। उन्होंने बताया कि `सांस्कृतिक संकुल´ की इसी योजना के तहत बिना सरकारी सहायता के जन-आधारित स्वतंत्र रंगमंडल और प्रकाशन गृह भी शुरू किया जाएगा।
महासचिव जसम, प्रणयकृष्ण ने कहा कि अमरकांत जी जैसे महान साहित्यशिल्पी की यातना और यंत्रणा हम लोगों से इतने दिनों तक छुपी रही, हमारे लिए यह अफसोस की बात है। ये उनके स्वाभिमान का परिचायक भी है। उन्होंने कहा कि अमरकांत जी की रचनाएं जहां-जहां पाठ्यक्रमों में शामिल हैं, वहां से और प्रकाशकों से उनकी पूरी रॉयल्टी मिलनी चाहिए। सरकारी खरीद की सूचियों में उनके संग्रह अनिवार्यता से शामिल किए जाए। उन्होंने कहा कि इसके अलावा जन संस्कृति मंच अमरकांत जी के पुत्र द्वारा प्रकाशित उनकी कृतियों के प्रचार-प्रसार की व्यवस्था एक अभियान के तौर पर अपने हाथ में लेगा।

अमरकांत
व्यक्तिगत जीवन - अमरकान्त का जन्म उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के नगारा गाँव में हुआ। बलिया में पढ़ते समय ही उनका सम्पर्क स्वतन्त्रता आंदोलन के सेनानियों से हुआ। सन् १९४२ में वे स्वतन्त्रता-आंदोलन से जुड़ गए।

हिन्दी साहित्य - इनका साहित्य जीवन एक पत्रकार के रूप में हुआ। उन्होंने कई पत्र-पत्रिकाओं का सम्पादन किया। कहानीकार के रूप में अमरकान्त की ख्याति सन् १९५५ में 'डिप्टी कलेक्टरी' कहानी से हुई। उनकी कहानियों में मध्यवर्गीय जीवन का अत्यंत मार्मिक और मनोवैज्ञानिक चित्रण मिलता है।

कहानी-संग्रह - जिन्दगी और जोंक , देश के लोग, मौत का नगर , कुहासा

उपन्यास - सूखा पत्ता, काले उजले दिन, सुख जीवी, बीच की दीवार हिन्दी लेखक

Sunday, December 9, 2007

त्रिलोचन शास्त्री नहीं रहे...


हिंदी की कविता उनकी जिनकी सांसो को आराम नहीं.. त्रिलोचन अब हमारे बीच नहीं रहे। जसम के पूर्व अध्यक्ष की मृत्यु पर हम मर्माहत है।

मित्रों, मैंने साथ तुम्हारा जब छोड़ा था
तब मैं हारा थका नहीं था, लेकिन मेरा
तन भूखा था मन भूखा था। तुम ने टेरा,
उत्तर मैं ने दिया नहीं तुम को : घोड़ा था

तेज़ तुम्हारा, तुम्हें ले उड़ा। मैं पैदल था,
विश्वासी था ‘‘सौरज धीरज तेहि रथ चाका।’’
जिस से विजयश्री मिलती है और पताका
ऊँचे फहराती है। मुझ में जितना बल था

अपनी राह चला। आँखों में रहे निराला,
मानदंड मानव के तन के मन के, तो भी
पीस परिस्थितियों ने डाला। सोचा, जो भी
हो, करुणा के मंचित स्वर का शीतल पाला

मन को हरा नहीं करता है। पहले खाना
मिला करे तो कठिन नहीं है बात बनाना।


----------
इतना तो बल दो
यदि मैं तुम्हें बुलाऊँ तो तुम भले न आओ
मेरे पास, परंतु मुझे इतना तो बल दो
समझ सकूँ यह, कहीं अकेले दो ही पल को
मुझको जब तब लख लेती हो। नीरव गाओ



प्राणों के वे गीत जिन्हें में दुहराता हूँ।
संध्या के गंभीर क्षणों में शुक्र अकेला
बुझती लाली पर हँसता है निशि का मेला
इस की किरणों में छाया-कम्पित पाता हूँ,



एकाकीपन हो तो जैसा इस तारे का
पाया जाता है वैसा हो। बास अनोखी
किसी फूल से उठती है, मादकता चोखी
भर जाती है, नीरव डंठल बेचारे का



पता किसे है, नामहीन किस जगह पड़ा है,
आया फूल, गया, पौधा निर्वाक् खड़ा है।




सह जाओ आघात प्राण, नीरव सह जाओ
इसी तरह पाषाण अद्रि से गिरा करेंगे
कोमल-कोमल जीव सर्वदा घिरा करेंगे
कुचल जाएंगे और जाएंगे। मत रह जाओ
आश्रय सुख में लीन। उठो। उठ कर कह जाओ
प्राणों के संदेश, नहीं तो फिरा करेंगे
अन्य प्राण उद्विग्न, विपज्जल तिरा करेंगे
एकाकी। असहाय अश्रु में मत बह जाओ।

यह अनंत आकाश तुम्हे यदि कण जानेगा
तो अपना आसन्य तुम्हे कितने दिन देगा
यह वसुधा भी खिन्न दिखेगी, क्षण जानेगा
कोई नि:स्वक प्राण, तेज के कण गिन देगा
गणकों का संदोह, देह व्रण जानेगा
और शून्य प्रासाद बनाएगा चिन देगा
------------------------------
भीख मांगते उसी त्रिलोचन को देखा कल

जिस को समझे था है तो है यह फ़ौलादी

ठेस-सी लगी मुझे, क्योंकि यह मन था आदी

नहीं; झेल जाता श्रद्धा की चोट अचंचल,

नहीं संभाल सका अपने को । जाकर पूछा

'भिक्षा से क्या मिलता है। 'जीवन।' 'क्या इसको

अच्छा आप समझते हैं ।' 'दुनिया में जिसको

अच्छा नहीं समझते हैं करते हैं, छूछा

पेट काम तो नहीं करेगा ।' 'मुझे आप से

ऎसी आशा न थी ।' 'आप ही कहें, क्या करूं,

खाली पेट भरूं, कुछ काम करूं कि चुप मरूं,

क्या अच्छा है ।' जीवन जीवन है प्रताप से,

स्वाभिमान ज्योतिष्क लोचनों में उतरा था,

यह मनुष्य था, इतने पर भी नहीं मरा था ।


('उस जनपद का कवि हूं' नामक संग्रह से से लिया गया)
-------------
प्राणों का गान

दर्शन हुए, पुनः दर्शन, फिर मिल कर बोले,
खोला मन का मौन, गान प्राणों का गाया,
एक दूसरे की स्वतन्त्र लहरों को पाया
अपनी अपनी सत्ता में, जैसे पर तोले



दो कपोत दाएँ, बाएँ स्थित उड़ते उड़ते
चले जा रहे दूर, क्षितिज के पार, हवा पर,
उसी तरह हम प्राणों के प्रवाह पर स्वर भर
लिख देते अपनी कांक्षाएँ। मुड़ते मुड़ते



पथ के मोड़ों पर, संतुलित पदों से चलते
और प्राणियों के प्रवेग की मौन परीक्षा
करते हैं इस लब्ध योग की सहज समीक्षा।
शक्ति बढ़ा देती है, नए स्वप्न हैं पलते।



विपुला पृथ्वी और सौर-मंडल यह सारा
आप्लावित है; दो लहरों की जीवन-धारा।
---------
आज मैं अकेला हूं

1)


आज मैं अकेला हूँ

अकेले रहा नहीं जाता।


(2)


जीवन मिला है यह

रतन मिला है यह

धूल में

कि

फूल में

मिला है

तो

मिला है यह

मोल-तोल इसका

अकेले कहा नहीं जाता


(3)


सुख आये दुख आये

दिन आये रात आये

फूल में

कि

धूल में

आये

जैसे

जब आये

सुख दुख एक भी

अकेले सहा नहीं जाता


(4)


चरण हैं चलता हूँ

चलता हूँ चलता हूँ

फूल में

कि

धूल में

चलता

मन

चलता हूँ

ओखी धार दिन की

अकेले बहा नहीं जाता।

जनमत संपादक मंडल के साथ त्रिलोचन की बातचीत सुनें...

------------------

Dur. 29Min 43Sec



(साभार-इरफान)

Thursday, September 6, 2007

हिन्दी उपन्यासों में नार्थईस्ट


-गोपाल प्रधान
आज जिसे हम उत्तर पूर्व कहतें हैं वह स्वतंत्रता और विभाजन से निर्मित भौतिक और मानसिक भूभाग है। स्वतंत्रता से पहले `नार्थ ईस्ट फ्रंटियर एजेंसी'नेफा अर्थात वर्तमान अरूणाचल प्रदेश वैसे ही था जैसे पश्चिमी सीमा पर पश्चिमोत्तर सीमा प्रांत। वर्तमान पूर्वोत्तर भारत के शेष क्षेत्र पहले तो बंगाल के अधीन बाद में असम की कमिश्नरी के अधीन रहे। स्वतंत्रता से पहले हिन्दी क्षेत्र से जो लोग इस क्षेत्र में आये उनकी सामाजिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि हिन्दी साहित्य के भीतर उनका जीवन वर्णन का विषय बनता । यहां आने वाले लोगों ने भी कोई अलग भाषिक समुदाय बनाने के बजाय द्विभाषिक होना ही बेहतर समझा। अपने भीतर जहां से आये थे वहां की बोलियां और कार्यस्थल अथवा बाजार में स्थानीय भाषा। स्वतंत्रता के बाद हिंदी भाषी क्षेत्रों से अनेक बौद्धिक लोग आये। इनके अतिरिक्त पर्यटन हेतु कुछ घूमंतू साहित्यकार इस क्षेत्र में आए। राष्ट्रभाषा के रूप में हिंदी की स्वीकृति के फलस्वरूप भी कालेजों और विश्वविद्यालयों में हिन्दी बैद्धिकों का आना जाना जारी रहा। इस परिवेश मे हिंदी में पूर्वोत्तर भारत पर केंद्रित साहित्य लिखा जाना शुरू हुआ। सिल्चर विश्वविद्यालय में पढ़ाने वाले गोपाल प्रधान का लेखन यात्रा वृतांत और उपन्यासों के रूप में सामने आया है। प्रस्तुत है इस लेख का पहला भाग-
इस आलेख मे मेरा उदेश्य मूलत: पूर्वोत्तर भारत के विभिन्न प्रांतो पर लिखे गये उपन्यासों का विश्लेषण करना है। साथ ही मेरा उदेश्य इन उपन्यासों के लेखकों की सामाजिक स्थिति का इन उपन्यासों में प्रस्तुत यथार्थ पर पडे प्रभाव की खोजबीन करना भी है क्योंकि पूर्वोत्तर भारत के जीवन की प्रस्तुति इन लेखकों के नजरिये से प्रभावित हुई है। वर्जीनिया वुल्फ ने उपन्यास को साहित्यिक विधाओं मे नवीनतम और सर्वाधिक लचीला बताया है। रामचंद्र शुक्ल ने अपने लेख `उपन्यास'में लिखा "बहुत लोग उपन्यास का आधार कल्पना बतलाते हैं। पर उत्कृष्ट उपन्यासों का आधार अनुमान शक्ति है न कि केवल कल्पना।''आगे अनुमान के साथ यथार्थ का संबन्ध स्पष्ट करते हुए लिखा ``ऐतिहासिक उपन्यास अनुमानमूलक और सत्य हैं। उच्च श्रेणी के उपन्यासों में वर्णित छोटी छोटी घटनाओं पर यदि विचार किया जाय तो जान पडेगा कि वे यथार्थ में सृष्टि के असंख्य और अपरिमित व्यापारों से छांटे हुए नमूने हैं।'' 3शुक्ल जी यह बात ऐतिहासिक उपन्यासों के प्रसंग में कह रहे थे। पूर्वोत्तर भारत के बारे में लिखे गये सभी विचारणीय सभी हिन्दी उपन्यास कमोबेश ऐतिहासिक हैं।रामचंद्र शुक्ल ऐतिहासिक उपन्यासों का आधार जिस अनुमानशक्ति को बता रहे थे। स्पष्ट है कि वह लेखक की सामाजिक स्थिति से उत्पन्न उसकी मान्यताओं का उदघाटन करती चलती है। सौभाग्य से ये लेखक आधुनिक काल के हैं इसलिये उनके जीवन के बारे में प्रमाणिक जानकारी संभव है। इन उपन्यासों के प्रकासन क्रम ही इन पर विचार करना उचित होगा।
इन उपन्यासों मे पहला उपन्यास देवेन्द्र सत्यार्थी का `ब्रह्मपुत्र'है। इस उपन्यास की भूमिका काका कालेलकर ने `लोक युग का नदी पुराण' शीर्षक से 1956 में लिखी। उपन्यास के प्रारंभ में स्वयं लेखक ने`ब्रह्मपुत्र की भाषा' शीर्षक से दस पृष्ठों की पूर्वपीठिका भी लिखी है। गोपाल राय ने `हिन्दी उपन्यास का इतिहास'में इसकी प्रकाशन तिथि 1956 ही बताई है। फिलहाल बाजार में इसका जो संस्करण उपलब्ध है वह ज्ञानगंगा प्रकाशन दिल्ली द्वारा पहली बार 1932 में प्रकाशित हुआ था।
स्पष्ट है कि उपन्यास के लेखन और प्रकाशन का समय हिन्दी उपन्यास में`आंचलिक पन्यासों'की लोकप्रियता का दौर था। देवेन्द्र सत्यार्थी के बारे में ही काका कालेलकर ने सूचना दी है `श्री देवेन्द्र सत्यार्थी भारत के लोकगीतों के अनन्य उपासक हैं।''आंचलिकता के प्रति वैचारिक निष्ठा और लोकजीवन से अनुराग ने इस उपन्यास को अनुठी साहित्यिक कृति बना दिया है। उपन्यास मे स्वतंत्रता आंदोलन का समय है और भूभाग ब्रह्मपुत्र में माजुली द्वीप तथा माजुली का भूभाग। ब्रह्मपुत्र दोनों भूक्षेत्रों के बीच बहता है और उपन्यास के चरित्रों की तरह ही सशक्त चरित्र है।
शुरू मे उपन्यास दिसांगमुख के लोगों के जनजीवन का मंथर गति से चित्रण करता है। इन पात्रों के मानस के निर्माण में ब्रह्मपुत्र का निर्णायक योगदान है। पूर्वपीठिका में ही इस मानस को पहचानने के क्रम में देवेन्द्र सत्यार्थी ने लिखा है असमिया यथासंभव मर्यादा को नहीं छोडता है पर यदि कहीं उसके आत्मसम्मान को ठेस लगा दी तो वह बाढ के समय का ब्रह्मपुत्र बन जाता है।आतिथ्य में उसका जवाब नहीं। आज काम चल रहा है तो कल की चिंता क्यों की जाय और आने वाली विपत्ति आएगी तो देख लेंगे। पुरानी कहावत है कि बाघ की सवारी करने वाले को बाघ से उतरने का गुर नहीं आता। पग पग पर यह अनुभव हुआ कि असमिया यह गुर भी जानता है।
ब्रह्मपुत्र गरा काटता हुआ और इधर को आयेगा तो दिसांगमुख और पीछे हट जाएगा।यह बोल मेरे हृदय को छू गया। थोडा मौन रहकर मार्गदर्शक ने देखा `बड डिकडारी'।फिर उसने बताया कि दिक्कदारी का असमिया पर्यायवाची है डिकडारी। बड डिकादारी अर्थात बडी मुसीबत है। मै समझ गया कि यही वह मूलमंत्र है जिसे एक बार होठों पर लाकर कोई भी असमिया बडी से बडी मुसीबत पर सवार हो सकता है और मानो एक बार बड डिकडारी कहकर वह झट बाघ के उपर से नीचे छलांग लगा सकता है।'' कहावतों की भरमार इस उपन्यास की विशेषता है। तकरीबन ये सभी कहावतें पानी नदी सापरी और मछली से सम्बन्धित इस विसद पृष्ठभूमि पर कथा प्रवाह जब शुरू होता है तो स्वतंत्रता आंदोलन मे इस क्षेत्र के अवदान का गरिमापूर्ण आख्यान शुरू होता है। दिसांगमुख का एक युवक कलक़त़्ते में पढता है और वहां के किसी क्रांतिकारी गुट का सदस्य है। गुट पर अंग्रजी सरकार का दमन शुरू होने पर भागकर दिसांगमुख आता है और वह वहांसे माजुली पहुंचता है। इधर
दिसांगमुख मे उसकी खोज करने वाला दरोगा स्थानीय जनता पर बेतरह जुल्म ढाता है। इसके कारण भारत के इस सुदुर
अंचल मे पहली बार जुलूस प्रदर्शन जैसी चीजों की शुरूआत होती है। इसी क्रम में स्थानीय पात्रों का कायान्तरण शुरू होता
है। सीधे सादे लोग स्वतंत्रता के सिपाही बनने लगते हैं। दिसांगमुख में मिरी समुदाय के लोग भी रहते हैं। उनके भीतर गॉवबूढा के प्रश्न पर अस्मिताबोध जागता है। मिरी लोग देवुर पूजा करते हैं जिसमे बाहरी लोगों के प्रवेश की मनाही है। उपन्यास दिसांगमुख मे रहने वाले मिरी लोगों के वर्णन के जरिए असमिया पहचान के तनावों को भी रेखांकित करता है।
उधर माजुली मे रहने वाले लोगों मे भी उस क्रांतिकारी को पकडने के लिये जो उत्पीडन किया जाता है उसके कारण विरोध भाव बढने लगता है। अंतत:उस क्रांतिकारी के दो साथियों को पकडकर जब माजुली का दरोगा ब्रह्मपुत्र नाव से पार करने लगता है तो नाव डूब जाने से तीनों की मृत्यु हो जाती है। प्राकृतिक आपदाओं की विभीषिका और उनके बावजुद मनुष्य की जिजीविषा के बीच होने वाला संघर्ष ही उपन्यास की मुख्य कथावस्तु है और लेखक ने अत्यंत कौशल के साथ इसका चित्रण किया है। उपन्यास में स्वतंत्रता की प्राप्ति के बाद दिसांगमुख में नागालैण्ड की रानी गिडालू आती है। रानी गिडालू स्वतंत्र भारत मे पूर्वोत्तर बारत के लोगों के सम्मान की गारंटी के बतौर उभरती हैं। विस्तार भय से उस उपन्यास के बारे में मैं इतना ही कहना चाहता हूं कि पूर्वोत्तर भारत पर लिखे हिंदी उपन्यासोंमें यह उपन्यास जनजीवन गहरी समझ के कारण सर्वोत्तमह हैं।
इसी क्रम में दूसरा उपन्यास `जहां बांस फूलते हैं' आया। इस उपन्यास का प्रकाशन 1956 में अहमदाबाद के पार्श्व प्रकाशन से हुआ। इसके लेखक श्रीप्रकाश मिश्र है। लेखक वर्षों तक मिजोरम में खुफिया विभाग के प्रमुख के रूप में रहे थे और उसी अनुभव के आधार पर यह उपन्यास लिखा गया है। उपन्यास का कथा समय 1968 का लालडेंगा का प्रसिद्ध विद्रोह है। हालांकि कथायुक्ति के बतौर लेखक ने प्राक्कथन में लिखा है `यह उपन्यास ऐतिहासिक नहीं है। अगर किसी के जीवन के टुकडे से कोई अंश इत्तेफाक रखता है तो सिर्फ इसलिए कि कल्पना की दीवार कहीं न कहीं यथार्थ की बुनियाद पर ही बनती है। फिर भी यह उपन्यास आम पाठक को पूर्वोत्तर भारत की समस्या समझने की खासी सामग्री देगा।'ब्रह्मपुत्र ने पूर्वोत्तर भारत की समस्या को जिस समय छोडा था वह स्वतंत्र भारत में आश्वासन का बिन्दु था। स्वतंत्र भारत में उस कथा को श्री प्रकाश मिश्र ने आगे बढाया है।काफी लम्बे समय तक प्रशासनिक हलकों में रहने के कारण श्री प्रकाश मिश्र को प्रशासनिक मशीनरी की गहरी जानकारी थी और दीर्घावथि के कारण मिजो समाज से निकट का परिचय भी। इसलिये उपन्यास में शासन तंत्र के प्रत्येक अंग की कारगुजारियों का विस्तृत वर्णन है। मिजो भाषा के शब्द भी प्रचुरता से प्रयुक्त हुए हैं। मिजो भाषा का एक शब्द है वाई। इसका अर्थ है बाहरी। केन्द्रीय शासन प्रशासन से जुडा प्रत्येक व्यक्ति मिजो समाज के लिए बाहरी है। मिजो लोग भीख मांगना सबसे निकृष्ट काम समझते है। बाहरी लोगों अर्थात केंद्रीय सरकार के कार्यालयों से चीजें उठा लाएंगे कभी- कभी जबर्दस्ती भी पर भीख नहीं मांगेगे। कथा-भूमि डोपा नामक गांव है। इसी गांव को केन्द्र में रखते हुए कथाकार ने मिजो समाज की अंदरूनी हलचल को पकडने की कोशिश की है।बांस फूलने की परिघटना वैसे तो सार्वभौमिक है और इसके साथ अपशकुन भी जुडा हुआ है लेकिन चूंकि मिजोरम का मुख्य उत्पाद बांस ही है इसलिए बांस फूलने के साथ वहां विशेष भय जुड जाता है। इसके लिए मिजो भाषा में `माउटम' नामक शब्द ही है। मिजोरम के बहाने समूचे पूर्वोत्तर भारत की समस्या को प्रस्तुत करने का लेखक का दावा अनुचित नहीं लगता जब हम देखते हैं कि संगठित धर्मों से बाहर रह गयी जनजातियां अपनी अस्मिता की तलाश में तरह -तरह से अपने आदि मूल खोजती हैं। उपन्यास का मूल पात्र रूआलखूमा एक जगह कहता है `सवाल उठता है कि वह यहुदी दाउद की बारहवीं कौम गयी कहां। उसकी खोज में मूसा आए और कश्मीर अफगानिस्तान सीमा पर दफन हो गए। क्यों
क्योंकि यह बारहवीं कौम कबकी काश्मीर पार कर लाख तिब्बत चीन से होती हुयी शान देश में पहुंच गयी थी। हमारे पूर्वज
उस कौम की अगली पीढी बन उस पराम् खुदा `माह येव' को प्यारे होते जाते थे और अगली पीढी कुछ और पूरब
खिसक जाती थी। इस तरह जो मिश्री फराओं की गुलामी से बचकर निकले थे उनकी सन्तान निरंतर आजाद रहती हिमालय
की वादियों जंगलों में घूमती आज भी आजाद हैं। वे ही लुशेई राल्ते पाइते प़ोईल़ाखेर मनिपुर के मेतेई कछार हिल्स की मिकिर कछारी रांगकुल इसीलिए हमारे पुरूषों ने कभी सभ्यता के सिद्धांतो नहीं अपनाया बल्कि अपनी जिन परंपराओं पूजा पद्धतियों को भूल गए थे उसे पुनर्जीवित करते गये, हमें भी करनी है।'7अपनी इसी संकल्पना के कारण उपन्यास मिजो जीवन की विशेषताओं को भरपूर प्रस्तुत करता है। पहनने के लिए पुआन पीने के लिए थिंगपुईशेन सामाजिक कार्यकलाप के लिए जालबुक़ मिजो समाज का खुलापन जो उनकी मौके बेमौके की हंसी में व्यक्त होता है। यह सब मिजोरम की प्राकृतिक समृद्धि के साथ घुलमिलकर पूरे उपन्यास में छिटका हुआ है। दुखद तथ्य के बतौर लालडेंगा के विद्रोह के बाद समूचे मिजोरम में मौजूद सेना की बर्बरता बार बार टीस की तरह उठती रहती है। हवा सिंह नाम का एक पात्र है,जो झूम के लिए गये पांच नौजवानों को मेडल पाने के लिए `मुठभेंड' में मार डालता है। फिर एक स्थानीय पादरी का लिंग चिरवाकर उसमें नमक भरवा देता है। इसी हवा सिंह को जब नौजवानो ने मार डाला तब कर्नल ने उसका `शहीद स्मारक' बनवाया।
एक जगह विस्तार से उपन्यासकार ने अपने अनुभव के आधार पर पूर्वोत्तर भारत की समस्या जिसे निहित स्वार्थ के चलते बनाया गया गया का भंडाफोड किया है। 68 के `माउटम' में ``वर्षों से सोई केन्द्र सरकार को जाने कैसे किसी ललछऊ चींटी ने काट खाया कि उसका एक पंजा फड़का और एक अंगुली पूर्वोत्तर भारत की ओर चल पडी। उसका एक पोर गुवाहाटी की सडकों पर जांचकर पाया कि समस्या इतनी गंभीर नहीं है, जितनी महंती ने बना दी है। वास्तव में विभिन्न विभागों के छोटे कर्मचारी अपनी तनख्वाह व भत्ते नागालैण्ड में तैनात अपने समकक्षियों के बराबर पाने के लिए `मिजो हिल्स' को डिस्टर्ब एरिया घोषित कराने पर तुले हुए है''8 उपन्यास के अन्त में रूआलखूमा की डायरी मिलती है जिसमें उसकी आठ कविताऍं हैं
मिजोरम के दुर्भाग्य और लहुलुहान यथार्थ पर ऑंसू बहाती।9
इस क्रम मे तीसरा उपन्यास `मुक्ति' । 1999 में वाणी प्रकाशन से प्रकासित हुआ। इसके लेखक डॉ महेन्द्र नाथ दुबे हैं। डॉ दुबे का परिवार आजमगढ से असम आया था और यहीं कछार जिले के पैलापुल में बस गया। डॉ दुबे ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय से हिंदी में एम ए करने के बाद कुछ दिनों तक वहीं अध्यापन किया फिर पं विद्यानिवास मिश्र के बुलाने पर आगरा हिंदी संस्थान चले गये और वहां से निदेशक के पद से सेवानिवृत्त हुए। उपन्यास के ब्लर्ब से सूचना मिलती है कि``१४ अगस्त १९४७ की अर्धरात्रि को स्वतंत्रता की उदघोषणा से लेकर १९६२ में चीन के आक्रमण की पूर्वबेला तक के कालखण्ड में यह पूरा क्षेत्र किस प्रकार संघर्षरत रहा इसी का एक दस्तावेज है यह उपन्यास मुक्ति।'' कथाक्षेत्र दक्षिण असम के कछार जिले का मुख्यालय सिलचर है। इसी कारण उसमें स्वतंत्रता के बजाय विभाजन की व्यथा गहरी है। विभाजन की त्रासदी का उल्लेख करते हुए ब्लर्ब में ही अंकित किया गया है ``डॉ दुबे ने लक्ष्य किया कि राजनितिज्ञों ने देश के भूगोल के साथ जो खिळावाड किया हैउससे साधारण जनता के कष्टों का बोझ निरंतर बढता रहा है। इनका अपना गांव असम के कछार जिले में स्थित है किंतु असम प्रदेश की राजधानी गुवाहाटी उससे बहुत दूर है जबकि बंगलादेश का सिलहट बिल्कुल पडोस में है। पूरब में मणिपुर की इम्फाल दक्षिण में मिजोरम की आइजोल दक्षिण पश्चिम में त्रिपुरा की अगरतला राजधानियां बहुत पास हैं। बंटवारे ने हालात ऐसे कर दिए कि एक छोटे से गलियारे के अलावा शेष भारत की अपेक्षा असम की इन सात प्रदेशों की सीमाऍ चारो ओर से भूटान तिब्बत च़ीन म़ायन्मार और बंगलादेश से ही मिलती हैं।'' 10 जारी

Sunday, August 12, 2007

एक अंधेरे समय में प्रेमचंद की याद


सुधीर सुमन
प्रेमचंद की कृतियों में भारतीय समाज के विस्तृत चित्र मिलते हैं. उनका साहित्य ऐतिहासिक दस्तावेज की तरह है. शायद ही ऐसा कोई चरित्र या सामाजिक प्रश्न हो, जिसकी उपस्थिति उनके साहित्य में न हो. एक नये उभरते हुए मध्यवर्ग और राष्ट्रीय आंदोलन पर उनकी गहरी आलोचनात्मक निगाह रही है.

इसके बावजूद अगर प्रेमचंद किसान जीवन के कथाकार माने जाते हैं, तो इसकी वजह यह है कि किसानों को वे नये भारत का निर्माण करनेवाली बुनियादी ताकत के बतौर देखते हैं. उनकी धारणा है कि किसानों की बदहाल जिंदगी में बदलाव से ही मुल्क की सूरत बदलेगी. उनका आकलन है कि अंगरेजी राज्य में गरीबों, मजदूरों और किसानों की दशा जितनी खराब है और होती जा रही है, उतना समाज के किसी अंग की नहीं. राष्ट्रीयता या स्वराज्य उनके लिए विशाल किसान जागरण का स्वप्न है, जिसके जरिये भेदभाव और शोषण से मुक्त समाज बनेगा. उन्हीं के शब्दों में- हम जिस राष्ट्रीयता का स्वप्न देख रहे हैं, उसमें तो वर्णों की गंध तक नहीं होगी. वह हमारे श्रमिकों और किसानों का साम्राज्य होगा.

यहां भी पढें.

जमाना पत्रिका में 1919 में ही प्रेमचंद लिखते हैं-आनेवाला जमाना अब किसानों-मजदूरों का होगा. दुनिया की रफ्तार इसका साफ संकेत दे रही है...जल्द या देर से, शायद जल्द ही, हम जनता को मुखर ही नहीं अपने अधिकारों की मांग करनेवालों के रूप में देखेंगे और तब वह आपकी किस्मत की मालिक होगी. तब आपको अपनी बेइंसाफियां याद आयेंगी और आप हाथ मल कर रह जायेंगे. जनता की इस ठहरी हुई हालत से धोखे में न आइए. इनकलाब के पहले कौन जनता था कि रूस की पीड़ित जनता में इतनी ताकत छिपी हुई है?

इस उद्धरण पर गौर किया जाये तो कई संकेत मिलते हैं. एक तो यह कि प्रेमचंद के लिए जनता का मतलब आमतौर पर मजदूर-किसान हैं. दूसरा यह है कि उन्हें इस जनता की छिपी हुई क्रांतिकारी ताकत का अंदाजा है. और तीसरा यह कि उन्हें पूरा भरोसा नहीं कि किसान-मजदूरों का राज्य जल्दी आ जायेगा. इसलिए उन्होंने शायद शब्द का इस्तेमाल किया.

प्रेमचंद को आजादी के आंदोलन का नेतृत्व करनेवाले सामंती अभिजात्य लोगों और मध्यवर्गीय अवसरवादियों को लेकर गहरा संशय था. गबन उपन्यास के अविस्मरणीय चरित्र देवीदीन खटीक, जिसके दो बेटे स्वाधीनता आंदोलन में शहीद हुए थे, को आनेवाले राज्य के बारे में तगड़ा संशय है- अरे, तुम क्या देश का उद्धार करोगे. पहले अपना उद्धार कर लो, गरीबों को लूट कर विलायत का घर भरना तुम्हारा काम है... सच बताओ, तब तुम सुराज का नाम लेते हो, उसका कौन-सा रूप तुम्हारी आंखों के सामने आता है? तुम भी बड़ी-बड़ी तलब लोगे, तुम भी अंगरेजों की तरह बंगलों में रहोगे, पहाड़ों की हवा खाओगे, अंगरेजी ठाठ बनाये घूमोगे. इस सुराज से देश का क्या कल्याण होगा? तुम्हारी और तुम्हारे भाई-बंदों की जिंदगी भले आराम और ठाठ से गुजरे, पर देश का तो कोई भला न होगा... तुम दिन में पांच बेर खाना चाहते हो और वह भी बढ़िया माल. गरीब किसान को एक जून सूखा चबेना भी नहीं मिलता. उसी का रक्त चूस कर तो सरकार तुम्हें हुद्दे देती है. तुम्हारा ध्यान कभी उनकी ओर जाता है? अभी तुम्हारा राज नहीं है, तब तो तुम भोग-विलास पर इतना मरते हो, जब तुम्हारा राज हो जायेगा, तब तो गरीबों को पीस कर पी जाओगे.

इस देश में पिछले 60 साल का राज यह बतलाता है कि प्रेमचंद की आशंकाएं सही थीं. आज का शासक वर्ग और उसके हाकिम-हुक्काम प्रेमचंद के जमाने से भी अधिक सुविधापरस्त, भ्रष्ट, अन्यायी, बेईमान और फरेबी हुए हैं. हाकिमों को आज भी बड़ी-बड़ी तलबें चाहिए, उन तलबों से भी उनके पेट नहीं भरता, तो वे विकास योजनाओं की राशि और गरीबों की राहत सामग्री तक डकार जाते हैं. राजनीति में आज भी बड़े भूस्वामियों, पूंजीपतियों और अवसरवादी मध्यवर्ग का वर्चस्व है. विलायत यानी साम्राज्यवादी शक्तियों का घर भरने का काम आज पूरी बेहयाई और बर्बरता के साथ जारी है. कानून और न्याय आज भी धनिकों के लिए हैं. जो वास्तविक उत्पादक शक्तियां हैं, वे आज भी जमीन से वंचित हैं या उन्हें जमीन से बेदखल किया जा रहा है. उत्पादन के साधनों पर उनका अधिकार नहीं है. पूरे देश में हक मांगते गरीबों और मजदूर-किसानों के ऊपर गोलियां चलायी जा रही हैं. गरीब-मेहनतकशों की हत्याएं इस मुल्क की आम परिघटना बनती जा रही हैं. विडंबना यह है कि अपने किसानों को भारी सब्सिडी देनेवाले अमेरिका के इशारे पर हमारे देश का शासक वर्ग किसानों को दी जानेवाली सारी सुविधाएं खत्म करता जा रहा है. कर्ज के जाल में फंसा कर उन्हें मार रहा है जॉन सेवकों की दलाल सरकारों ने किसानों और मजदूरों को आत्महत्या और भुखमरी के दुष्चक्र में डाल दिया है.

प्रेमचंद जहां अपने साहित्य में किसान-मजदूरों के शोषण, दमन और गरीबी का हृदयविदारक चित्र उपस्थित करते हैं, वहीं उनकी शक्ति की पहचान भी कराते हैं. किसानों की बदहाली की वजहों को प्रेमचंद ने कई आयामों से देखा है. प्रेमाश्रम में किसान बेदखली और लगान के खिलाफ प्रतिरोध करते नजर आते हैं. कर्मभूमि में वे लगानबंदी का विरोध करते हैं और मध्यमवर्गीय नेतृत्व के अवसरवाद का आघात झेलते हैं. और गोदान में होरी के जरिये जमींदारों और महाजनों तथा वर्णव्यवस्था द्वारा मृत्यु के मुंह में धकेले जाते किसानों की त्रासद कथा कहते हैं. किसानों की आत्महत्या, किसान आंदोलनों की दशा-दिशा, ग्रामीण मेहनतकश स्त्री की दावेदारी, सांप्रदायिक ता, धार्मिक पाखंड और तथाकथित जनभागीदारीवाले हमारे लोकतंत्र के संदर्भ में ये तीनों महत्वपूर्ण उपन्यास हैं, जिन पर विस्तार से बातचीत हो सकती है, लेकिन फिलहाल रंगभूमि की चर्चा जरूरी है.

आलोचक वीर भारत तलवार ने एक जगह सही ही लिखा है कि प्रेमचंद साहित्य को पढ़ कर हिंदीभाषी गरीब किसान अपने वर्ग शत्रुओं को और भी अच्छी तरह पहचान सकेगा. आज सिंगूर, नंदीग्राम, दादरी, कलिंगनगर आदि जगहों में विकास के जिस तर्क और शासन तंत्र की जिस धौंस के जरिये किसानों को उनकी जमीन से बेदखल करने का जो हिसंक अभियान चलाया जा रहा है, वह बरबस प्रेमचंद के उपन्यास रंगभूमि की याद दिलाता. सिगरेट का कारखाना खोलने के लिए जॉन सेवक अपने गुमाश्ते ताहिर से पूछता है कि वह सूरदास की जमीन कितने में दिला सकता है? ताहिर कहता है उसे शक है कि वह उसे नहीं बेचेगा. तब जॉन सेवक पूरे दंभ से बोलता है, अजी बेचेगा उसका बाप. उसकी क्या हस्ती है, रुपये के 17 आने दीजिए और आसमान के तारे मंगवा लीजिए. मगर सूरदास तैयार नहीं होता, तब ताहिर मोहल्लेवालों को धमकी भरे लहजे में समझाता है, जिस वक्त साहब जमीन लेने पर आ जायेंगे, ले ही लेंगे. तुम्हारे रुके न रुकेंगे. जानते हो शहर में हाकिमों से उनका रब्त-जब्त है? ... सीधे से, रजामंदी के साथ दोगे, तो अच्छे दाम पा जाओगे, शरारत करोगे, तो जमीन भी निकल जायेगी, कौड़ी भी हाथ न लगेगी. मुहल्लेवालों की एकजुटता को तोड़ने के लिए वह सबको तरह-तरह के प्रलोभन देता है, समृद्धि के सपने दिखाता है और जमीन छीन लेता है. फिर बाद में वह दूसरों से भी घर खाली कराने लगता हैं. उन्हें जो मुआवजा दिया जाता है, उससे वे कहीं छप्पर डाल कर भी नहीं कर सकते, पुलिस जॉन सेवक की मदद करती है. लोगों के घर में घुस कर सामान फेंकने लगती है. प्रेमचंद ने लिखा है- मानो दिन-दहाड़े डाका पड़ रहा हो. सूरदास अपनी झोंपड़ी छोड़ने को तैयार नहीं होता, जनता जुट जाती है. उसके बाद पुलिस गोलियां चलाती है.
इस प्रसंग में रामविलास शर्मा ने बड़ी मार्मिक टिप्पणी की है कि इस तरह अंगरेजी राज में किसानों की जमीन उन्हीं के खून से तर करके अपने वफादार दोस्त जॉन सेवक को भेंट करता है. क्या आज के बदले संदर्भों में आज के राज पर भी एक तीखा कमेंट नहीं है?

सूरदास मरते वक्त भी हार स्वीकार नहीं करता- हम हारे तो क्या, मैदान से भागे तो नहीं, रोये तो नहीं, धांधली तो नहीं की. फिर खेलेंगे, जरा दम ले लेने दो, हार-हार कर तुम्हीं से खेलना सीखेंगे और एक-न-एक दिन हमारी जीत होगी, अवश्य होगी.

बेशक सूरदास के वंशजों ने अब भी हार नहीं मानी है. वह अपने संगी-साथियों से कहता है- हमारा दम उखड़ जाता है, हांफने लगते हैं, खिलाड़ियों को मिला कर नहीं खेलते, आपस में झगड़ते हैं, गाली-गलौज, मारपीट करते हैं. कोई किसी को नहीं मानता. अगर अपने उजड़े हुए घर बसाने हैं, तो अपना एका मजबूत करो.

प्रेमचंद जहां अपने साहित्य में किसान-मजदूरों के शोषण, दमन और गरीबी का हृदयविदारक चित्र उपस्थित करते हैं, वहीं उनकी शक्ति की पहचान भी कराते हैं. पूर्वजन्म के चमत्कार से भरे कायाकल्प में भी दलित बेगार करने से इनकार करते हैं. किसान अहिंसावादी नेता चक्रधर की धौंस बरदास्त नहीं करते. चक्रधर की ठोकरों से एक किसान की मृत्यु हो जाती है, तो दूसरा बूढ़ा किसान उसे माफी नहीं देता, उसका निर्णायक स्वर है- तुम बाबू जी को दयावान कहते हो, मैं उन्हें सौ हत्यारों का एक हत्यारा कहता हूं. राजा हैं, इससे बच जाते हैं, दूसरा होता तो फांसी पर लटकाया जाता. मैं तो बू़ढा हो गया हूं, लेकिन उन पर इतना क्रोध आ रहा है कि मिल जायें तो खून चूस लूं.
प्रेमचंद का साहित्य आज की परिस्थितियों में यह संदेश दे रहा है कि नव उपनिवेशवाद और उसके देशी आधारों के जनविरोधी शासन को मजदूरों और किसानों के आंतरिक गुणों का विकास करके ही ध्वस्त किया जा सकता है और नये समाज और राष्ट्र निर्माण के अधूरे सपने को साकार किया जा सकता है. प्रेमचंद जहां साहित्य में भारतीय किसान के नजरिये को ले आये, वहीं अपनी कृतियों के जरिये किसानों की चेतना को विकसित करने का भी काम किया. यह हमेशा याद रखना चाहिए कि साहित्य में विषय के तौर पर किसान-मजदूर प्रेमचंद के लिए सचेतन चुनाव थे. प्रेमचंद इनके प्रति कितने सचेत थे, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जब बहुतों को चीन के हुनान किसान आंदोलन की रिपोर्ट का पता नहीं था, तब उन्होंने उस पर टिप्पणी लिखी थी- हमारे पड़ोस के मुल्क में वहां के नेताओं द्वारा किसानों की शक्ति की पहचान ली गयी है, लेकिन हमारे अपने देश में नेताओं ने किसान की शक्ति को नहीं पहचाना है. इसलिए उन्होंने यह भी कहा कि मैं उस आनेवाली पार्टी का मेंबर हूं, जो अवाम-अलनास (जनसाधरणत:) की सियासी तालीम को अपना दस्तूरुल-अमल (विधान) बनायेगी.

पेंटिंग : हेम ज्योतिका